राजनांदगांव : डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय में घुसकर उप अभियंता से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कृपाराम बर्मन (56 वर्ष), जो नगर पंचायत डोंगरगांव में उप अभियंता के पद पर पदस्थ हैं, ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वे अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान हरिशंकर साहू (34 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 मटिया, डोंगरगांव कार्यालय पहुंचा और बिल भुगतान को लेकर विवाद करने लगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
आरोप है कि हरिशंकर साहू ने कार्यालय के भीतर अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी, जिससे उप अभियंता को चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस एवं थाना प्रभारी आदित्य कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 121(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की गई है।

Comments