परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा : परिक्षेत्र साहू समाज छुरा द्वारा साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माता कर्मा जयंती, वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 31 मई (रविवार) को ग्राम कुडेरादादर में किया जाएगा। समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस गौरवमयी कार्यक्रम को लेकर समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे से 11 बजे तक कलश यात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक भोजन प्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे। वहीं दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक अतिथि स्वागत, प्रतिभा सम्मान, समाजिक सम्मान समारोह एवं उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहेंगी। प्रमुख अतिथियों में समाज के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी भुनेश्वर साहू (पूर्व उपाध्यक्ष), लालाराम साहू (अध्यक्ष, राजिम भक्तितन मंदिर समिति), महेन्द्र साहू, रामूराम साहू, होमन साहू, नारायण साहू तथा बैसाखु साहू शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवीण साहू करेंगे।आयोजन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों, समाजसेवियों एवं विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजनों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती तथा सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
परिक्षेत्र साहू समाज छुरा के पदाधिकारियों ने समाज के सभी स्वजन, युवाओं, महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। समाज के कार्यकर्ता आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं तथा कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
बताया गया है कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और समाज की नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। साहू समाज के लोगों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल देखा जा रहा है।

Comments