डोंगरगढ़ : मोहारा सोसायटी में धान अपरा-तपरी मामले को लेकर दर्ज एफआईआर के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ने लगी है। शुक्रवार को क्षेत्र के किसानों ने पुलिस चौकी मोहारा पहुंचकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
किसानों का कहना है कि मोहारा समिति के प्रबंधक संतोष वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में 14 मई 2026 को धारा 316 एवं 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
क्षेत्र के दयालु वर्मा, मोरध्वज वर्मा, सुखचरण बिसौहा, समारू, समलाल, हेमराम, ठुम्मनदास, उधो किसान सहित अन्य किसानों ने पुलिस चौकी मोहारा में लिखित आवेदन देकर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और उसे कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 31 मई 2026 तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई तो 1 जून 2026 को मोहारा चौक में अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा।
किसानों का कहना है कि सोसायटी किसानों की रीढ़ होती है और यदि राजनीतिक दबाव में दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Comments