सीएम हेल्पलाइन 1076,जन शिकायतों का जवाबदेही के साथ होगा शीघ्र समाधान

सीएम हेल्पलाइन 1076,जन शिकायतों का जवाबदेही के साथ होगा शीघ्र समाधान

दंतेवाड़ा :आमजन की शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित “सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन जोड़ा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री  देवेश कुमार ध्रुव  ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सुशासन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा एक जवाबदेह एवं पारदर्शी तंत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक निराकरण हो सके। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान बताए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझकर व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तर से गठित विशेषज्ञ दल के प्रमुख एवं सुशासन एवं अभिसरण विभाग से आए अधिकारी गुड गवर्नेंस रायपुर आर.के. शर्मा एवं आईटी मैनेजर सीएम हेल्पलाइन सौरभ श्रीकांत द्वारा सीएम हेल्पलाइन के विभिन्न प्रावधानों, संचालन प्रक्रिया तथा शिकायतों के निराकरण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों को शिकायत प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली, जवाबदेही तंत्र तथा तकनीकी प्रक्रियाओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप तथा व्हाट्सएप जैसे आधुनिक माध्यमों के जरिए 24 घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही शिकायतकर्ता को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वह अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति, संबंधित विभाग, जिम्मेदार अधिकारी तथा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकेगा।

अधिकारियों ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसे तत्काल संबंधित विभाग और अधिकारी तक पहुंचाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी होगी, जिससे प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा शिकायतों के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना समाप्त होगी।सीएम हेल्पलाइन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता नागरिकों का फीडबैक है। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से संपर्क कर उसकी प्रतिक्रिया प्राप्त की जाएगी।रियल टाइम मॉनिटरिंग और जवाबदेह प्रणाली के माध्यम से प्रशासन अधिक पारदर्शी, सक्रिय और जनोन्मुख बनेगा, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments