कोरिया में स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत: नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन, 136 मुफ्त जांचों वाली लैब शुरू, 2027 में मिलेगा नया जिला अस्पताल

कोरिया में स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत: नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन, 136 मुफ्त जांचों वाली लैब शुरू, 2027 में मिलेगा नया जिला अस्पताल

कोरिया : कोरिया जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 30 मई की तारीख ऐतिहासिक रहा। जिला अस्पताल परिसर, बैकुंठपुर में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का विधिवत भूमिपूजन किया तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अटल आरोग्य लैब और नव निर्मित दवा वितरण कक्ष का लोकार्पण किया।

भूमिपूजन एवं लोकार्पण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरिया जिले में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। अब विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा के लिए दूसरे जिलों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि लगभग 8.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नर्सिंग महाविद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन के लिए 23 करोड़ 59 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है, जिससे अस्पताल के अधूरे कार्य पूर्ण किए जा सकेंगे।

अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की जांचें होंगी निशुल्क
स्वास्थ्य मंत्री ने अटल आरोग्य लैब को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस आधुनिक प्रयोगशाला में एक बार में लगभग 110 नमूनों की जांच की जा सकेगी। यहां 136 प्रकार की विभिन्न जांचें पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को महंगी जांचों के लिए निजी लैबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिला अस्पताल में ही आधुनिक मशीनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

2027 में नए जिला अस्पताल का होगा लोकार्पण
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि 31 मई 2027 को कोरिया जिले के नए जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य कोरिया जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मॉडल जिला बनाना है, जहां लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर है और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। बीमारी की समय पर पहचान सबसे महत्वपूर्ण है। भविष्य में ऐसी व्यवस्था विकसित की जा रही है कि डॉक्टरों की अनुपलब्धता की स्थिति में भी मरीजों को त्वरित उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

भ्रष्टाचार पर होगी सख्त कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग में ऑनलाइन प्रणाली को बढ़ावा देकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
मंत्री ने बताया कि जिले के ग्रामीण अंचलों में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और जिला अस्पताल पर दबाव भी कम होगा।

विधायक ने रखी डेंटल कॉलेज की मांग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े ने जिले में डेंटल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर विस्तार की आवश्यकता है तथा जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए।

जिला कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने अपने सन्देश में कहा कि निश्चित ही नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से यहाँ के युवाओं को काफी सुविधा मिलेगी साथ ही अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोरिया की एक नई पहचान बनेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकारा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, , नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे, जनपद अध्यक्ष सोनहत श्रीमती आशा देवी सोनपाकर, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष श्रीमती सुषमा कोराम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ आयुष जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी- कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरवासी उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments