राजनांदगांव : जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 3 किलो मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध नशीले पदार्थों, शराब और नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लखोली स्थित बैगापारा पानी टंकी के सामने शिव चबूतरे के पास एक व्यक्ति गांजा रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद रजा (32 वर्ष), निवासी पठानपारा, राजनांदगांव बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद चॉकलेटी रंग के बैग से सफेद झिल्ली में रखा 2.920 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीली दवाइयों, गांजा और अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, उपनिरीक्षक राधेश्याम जूर्री, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, आरक्षक सुरेश भोई, चंद्रशेखर प्रेमी तथा साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पम्मार एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Comments