राजनांदगांव : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी तुमडीबोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विदेशी शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 पौवा जिप्सी फाइन विस्की और बिक्री की नकदी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान 28 मई को पुलिस को सूचना मिली कि तुमडीबोड-डोंगरगढ़ मार्ग स्थित मजार के पास एक व्यक्ति बैग में शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चेतन वर्मा (36 वर्ष), निवासी सिवनीखुर्द, चौकी तुमडीबोड, जिला राजनांदगांव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से 23 पौवा विदेशी मदिरा (जिप्सी फाइन विस्की) बरामद हुई। प्रत्येक बोतल में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4.140 लीटर विदेशी शराब एवं नकदी सहित कुल 2,910 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। बाद में उसे जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी द्वारा हंगामा करने पर उसके खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक दिलीप पटेल, प्रधान आरक्षक जगत ठाकुर, आरक्षक चंद्रशेखर यादव एवं आरक्षक थलेश देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments