परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा : पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देश पर युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से छुरा थाना द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। इसी क्रम में थाना प्रभारी छुरा एवं थाना स्टाफ द्वारा ग्राम रसेला के ग्राम पंचायत भवन में बेरोजगार युवक-युवतियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई।बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा युवाओं से संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षणिक योग्यता, रुचि एवं रोजगार संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। साथ ही यह भी पूछा गया कि वे किस कार्य क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं, ताकि उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रम तैयार किया जा सके।युवाओं ने सिलाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण, वाहन मरम्मत, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, कृषि आधारित रोजगार, स्वरोजगार एवं अन्य विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। पुलिस विभाग द्वारा सभी इच्छुक युवक-युवतियों की जानकारी संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्राप्त जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से युवाओं को उनकी पसंद के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और समाज की मुख्यधारा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस विभाग की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। यह पहल क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आई है।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, छुरा थाना स्टाफ तथा बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियां उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Comments