दंतेवाड़ा : जनगणना 2027, हमारे देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जो केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि भविष्य के भारत और हमारे राज्य छत्तीसगढ़ के विकास की ठोस नींव तैयार करने का कार्य करेगा। यह प्रक्रिया हमें यह समझने में सक्षम बनाती है कि समाज के विभिन्न वर्गों तक विकास के लाभ किस प्रकार और कितनी प्रभावशीलता से पहुँच रहे हैं।
भारत की जनगणना 2027 का कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में दो चरणों में संपादित किया जा रहा है। प्रथम चरण (Phase-l) यथा मकानसूचीकरण एवं मकानों के गणना का फील्ड कार्य 01 मई 2026 से प्रारम्भ होकर दिनांक 30 मई 2026 को सफलतापूर्वक संपादित हो गया है। द्वितीय चरण (Phase-II), जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी, 2027 में संपादित किया जाएगा। प्रथम चरण (Phase-I), मकानसूचीकरण का कार्य द्वितीय चरण (Phase-II) जनसंख्या गणना कार्य के लिए एक फ्रेम प्रदान करती है, जिससे कि द्वितीय चरण (Phase-II), जनसंख्या गणना कार्य के दौरान कोई भी मकान एवं उसमें रहने वाले परिवार गणना से न छूटे ।
प्रथम चरण (Phase-1) मकानसूचीकरण कार्य के दौरान जिले के सभी ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों के द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं उसमें निवासरत परिवारों से भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 प्रश्न जो कि मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं तथा परिसंपत्तियों से संबन्धित थी, की जानकारी मोबाइल एप्प के माध्यम से संकलित की गई। अब यह जानकारी भारत सरकार के सर्वर में सुरक्षित रख ली गई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्रथम चरण (Phase-I) मकानसूचीकरण कार्य जिले के समस्त तहसीलों, ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में कुशलता एवं शांतिपूर्वक संपादित किया गया। इस दौरान जिले के समस्त क्षेत्रों को पूर्ण रूप से कवर किया गया एवं कोई भी क्षेत्र गणना कार्य से नहीं छूटा है। प्रगणकों के द्वारा घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने के दौरान जिले के नागरिकों का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ है।
जिले के आम नागरिकों के द्वारा जनगणना से संबन्धित जो भी व्यक्तिगत जानकारी दी गई है, वह जनगणना अधिनियम 1948, तथा जनगणना नियमावली 1990, के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। संकलित किए गए इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए ही किया जाएगा एवं भारत सरकार के द्वारा सम्पूर्ण जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात यथोचित समय पर इन आंकड़ों को जारी किया जाएगा।
जिले में जनगणना 2027 प्रथम चरण (Phase-1) का कार्य 05 नगरीय निकाय में 81 वार्डो में एवं 06 तहसीलों के अंतर्गत 169 ग्राम पंचायतों में संपादित किया गया है। इस कार्य को संपादित करने के लिए जिले में 06 ग्रामीण चार्ज एवं 05 नगरीय चार्ज बनाए गए थे। इन चार्जों के अंतर्गत 549 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक बनाए गए थे।
जिले में इस कार्य हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिसमें 01 प्रमुख जनगणना अधिकारी, 07 जिला स्तर के अधिकारी, 11 चार्ज अधिकारी, 02 मास्टर ट्रेनर्स, 12 फील्ड ट्रेनर्स, 561 प्रगणक एवं 97 पर्यवेक्षक शामिल थे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव ने जिले में प्रथम चरण (Phase -I) का कार्य कुशलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिले के समस्त नागरिकों को इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपने अभूतपूर्व सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है एवं आशा व्यक्त की है, कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (Phase-II) का कार्य जो कि फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा, तत्समय भी ऐसा ही सहयोग प्राप्त होगा

Comments