राजनांदगांव : अक्सर मोबाइल गुम होने के बाद लोगों को उसकी वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो जाती है, लेकिन बसंतपुर पुलिस ने 18 परिवारों के लिए यह उम्मीद हकीकत में बदल दी। थाना बसंतपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 3 लाख रुपये मूल्य के 18 गुम मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत थाना बसंतपुर की टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से विभिन्न कंपनियों के गुम मोबाइलों की तकनीकी खोजबीन की। लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के बाद 18 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
रविवार को थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने बताया कि मोबाइल में केवल संपर्क नंबर ही नहीं, बल्कि परिवार की यादगार तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण जानकारियां भी सुरक्षित थीं, जिनके वापस मिलने की उम्मीद उन्होंने लगभग छोड़ दी थी।मोबाइल वापस मिलने पर हितग्राहियों ने राजनांदगांव पुलिस और बसंतपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने भी आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को गुम मोबाइल या अन्य वस्तु मिले तो उसका उपयोग करने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं, ताकि वह उसके वास्तविक मालिक तक पहुंच सके।
थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में सीसीटीएनएस शाखा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गुम मोबाइलों की तलाश और उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।यह कार्रवाई न केवल पुलिस की तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति भरोसा और विश्वास भी मजबूत करती है।

Comments