महासमुंद : यात्रियों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा खम्हारपाली चेकपोस्ट में सघन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस मुहिम का सकारात्मक परिणाम अब क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। खम्हारपाली चेकपोस्ट में परिवहन अधिकारी श्री ठाकुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से ओडिशा एवं झारखंड की ओर संचालित अखिल भारतीय पर्यटक परमिट बसों सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। जांच के दौरान कई बसों में निर्धारित सीमा से अधिक लगेज का परिवहन करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभागीय जानकारी के अनुसार केवल मई माह में ही 15 बसों एवं अन्य वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग दो लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया है।परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में निर्धारित सीमा से अधिक सामान का परिवहन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मानना है कि अधिक लगेज न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।
सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग बनी कारगर
खम्हारपाली चेकपोस्ट क्षेत्र में पूर्व में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की तेज गति के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती थीं। कई लोग सड़क हादसों में घायल भी हुए थे। इस गंभीर समस्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने चेकपोस्ट के दोनों प्रवेश द्वारों पर बैरिकेड्स स्थापित किए, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित होने लगी।विभाग की इस पहल का उल्लेखनीय परिणाम सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार पिछले आठ महीनों में चेकपोस्ट क्षेत्र में एक भी सड़क दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है। इसे परिवहन विभाग की सतर्कता, बेहतर यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण माना जा रहा है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
स्थानीय नागरिकों को मिली राहत
चेकपोस्ट क्षेत्र में भारी वाहनों के दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए परिवहन विभाग ने मोटरसाइकिल एवं निजी चारपहिया वाहनों को चेकपोस्ट परिसर में प्रवेश देने के बजाय बाहर से ही बायपास करना शुरू किया। इस व्यवस्था से यातायात सुचारू हुआ है तथा जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है।
भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था
गर्मी के मौसम में यात्रियों और वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के लिए चेकपोस्ट परिसर में वाटर कूलर एवं मटकों के माध्यम से शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री और वाहन चालक इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। आमजन ने विभाग की इस मानवीय पहल की सराहना की है।
राजस्व लक्ष्य से 10 प्रतिशत अधिक उपलब्धि
खम्हारपाली चेकपोस्ट ने केवल यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि राजस्व संग्रहण में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार चेकपोस्ट ने गत वित्तीय वर्ष में शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ प्राप्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि पारदर्शी कार्यप्रणाली, प्रभावी निगरानी और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : ठाकुर
खम्हारपाली चेकपोस्ट के प्रभारी अधिकारी ठाकुर ने कहा कि "यात्रियों की सुरक्षा और सड़क व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आम जनता की सुविधा, सुरक्षित यातायात और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग लगातार कार्य कर रहा है।"उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बसों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों की जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Comments