बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत नवागढ़ विकासखंड के नगर पंचायत मारो में आज जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष सीधे प्रस्तुत कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अनेक मामलों का निराकरण शिविर स्थल पर ही किया गया तथा शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से मिली योजनाओं की जानकारी
शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जानकारी एवं सेवा प्रदाय स्टॉल लगाए गए थे, जहां नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कई पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र एवं लाभ
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा योजना तथा सुकन्या समृद्धि योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वरिष्ठ नागरिकों को प्रधानमंत्री वय वंदन योजना से संबंधित प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान वय वंदन कार्ड वितरित किए गए। खाद्य विभाग द्वारा पात्र परिवारों को नए राशन कार्ड प्रदान किए गए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नव निर्मित आवासों की चाबियां सौंपकर उनके गृह प्रवेश के सपनों को साकार किया गया। लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
शासन और जनता के बीच सीधा संवाद
मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लिखित आवेदन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि उनका प्रभावी और समयबद्ध निराकरण किया जा सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन को जनसामान्य के और अधिक निकट लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जन समस्या निवारण शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को अपने गांव एवं नगर में ही शासन की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश
मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विकास और जनकल्याण की योजनाओं की दी जानकारी
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री बघेल ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आवास निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, धान खरीदी तथा अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
पेयजल, बिजली, आवास एवं राजस्व संबंधी मामलों पर हुई सुनवाई
शिविर में नागरिकों ने राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सीमांकन, नामांतरण एवं कृषि संबंधी विभिन्न समस्याएं रखीं। मंत्री श्री बघेल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पात्रता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वर्तमान गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Comments