राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव को 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने जिला चिकित्सालय के प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य का लोकार्पण करने के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव जिला चिकित्सालय प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अग्रणी बने, इसके लिए लगातार अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रुपये की लागत से जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार एवं उन्नयन कार्य को पूरा किया गया है, वहीं 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से सीएमएचओ कार्यालय के नए भवन का निर्माण किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मजबूत आधारभूत संरचना विकसित की गई है और जिला चिकित्सालय तथा मेडिकल कॉलेज से उपचार लेने वाले मरीजों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं तथा इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल में छत मरम्मत, लिफ्ट सुधार, डीएमएफ मद से दो स्त्री रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति, डेंटल एक्स-रे मशीन एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के बजट से अस्पताल की अन्य आवश्यकताओं को भी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय अब नए स्वरूप में जिलेवासियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए तैयार है। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि जिला चिकित्सालय की टीम समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पंकज लुका, सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Comments