ग्रामीण स्वच्छता को मिलेगा नया आयाम, ढोलिया में शुरू हुआ फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट

ग्रामीण स्वच्छता को मिलेगा नया आयाम, ढोलिया में शुरू हुआ फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट

सेप्टिक टैंकों की वैज्ञानिक सफाई के लिए जिले में विकसित हुई आधुनिक व्यवस्था

 

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण परिवेश के निर्माण की दिशा में जिला बेमेतरा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोलिया में फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) की शुरुआत की है। इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों में सेप्टिक टैंकों की सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

जिलेभर में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
जिले की कलेक्टर  प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत बेमेतरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेमलता पद्माकर के मार्गदर्शन में इस सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

गांव-गांव तक पहुंचेगी योजना की जानकारी
जिला पंचायत में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयकों एवं ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों को निर्देशित किया कि इस सुविधा की जानकारी प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाई जाए। उन्होंने पंचायत भवनों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर दीवार लेखन के माध्यम से संपर्क नंबर एवं आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण आसानी से इस सेवा का लाभ प्राप्त कर सकें।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

मुनादी और घर-घर संपर्क से बढ़ेगी जागरूकता
ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने तथा स्वच्छता समूह की महिलाओं द्वारा घर-घर संपर्क कर लोगों को सेप्टिक टैंक की नियमित सफाई के महत्व के बारे में जागरूक करने की रणनीति बनाई गई है।

हर 3 से 4 वर्ष में कराएं सेप्टिक टैंक की सफाई
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दिशा-निर्देशों के अनुसार सेप्टिक टैंक की प्रत्येक 3 से 4 वर्षों में नियमित सफाई कराना स्वास्थ्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे खुले में गंदगी फैलने की समस्या कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण का निर्माण होगा।

मात्र 1700 रुपये में मिलेगी सुरक्षित सफाई की सुविधा
इस व्यवस्था के तहत ग्रामीण मात्र 1700 रुपये के न्यूनतम शुल्क पर अपने घर के सेप्टिक टैंक की सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से सफाई करा सकेंगे। प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा अपशिष्ट का संग्रहण कर उसे ढोलिया स्थित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट में वैज्ञानिक तरीके से उपचारित किया जाएगा।

स्वच्छ गांव, स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ विषय है। ढोलिया में स्थापित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट ग्रामीण स्वच्छता को नई दिशा देने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ और सतत विकास की अवधारणा को भी मजबूती प्रदान करेगा।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments