एग्रीस्टेक अभियान को करना होगा तेज, हर किसान का पंजीयन अनिवार्य..बारिश से पहले राशन भंडारण के निर्देश

एग्रीस्टेक अभियान को करना होगा तेज, हर किसान का पंजीयन अनिवार्य..बारिश से पहले राशन भंडारण के निर्देश

कोरिया : कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कृषि, खाद्य एवं सहकारिता विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लिया।

हर किसान और हर खसरे का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के शत-प्रतिशत किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्त कृषि भूमि और संबंधित खसरा विवरण भी पोर्टल पर अद्यतन होना चाहिए, ताकि उन्हें शासन की सभी कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को यह जानकारी दी जाए कि भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन आवश्यक होगा।

पंजीयन नहीं तो धान खरीदी और कृषि आदान सामग्री में होगी परेशानी
बैठक में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार सहकारी समितियों से धान बीज, खाद और अन्य कृषि आदान सामग्री प्राप्त करने के लिए किसान का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य रहेगा। कलेक्टर ने कृषि विभाग के मैदानी अमले को सहकारी समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी छूटे हुए किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से वनाधिकार पत्रधारी, कोटवारी भूमि धारक तथा वन ग्रामों में खेती कर रहे किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से सुनिश्चित करने को कहा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

किसानों की जरूरत के अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराने पर जोर
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की मांग के अनुरूप खाद, बीज और उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सतत समन्वय किया जाए। उन्होंने डबल लॉक गोदामों में उपलब्ध खाद का वितरण सहकारी समितियों में पंजीकृत किसानों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार करने को कहा। साथ ही समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

दूरस्थ क्षेत्रों में बारिश से पहले राशन और आवश्यक सामग्री का भंडारण करें
मानसून को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती यादव ने जिले के दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्रों में बारिश शुरू होने से पहले पर्याप्त राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का सुरक्षित भंडारण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्धता में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मोबाइल ऐप से घर बैठे कर सकते हैं एग्रीस्टेक पंजीयन
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसान एंड्रॉयड मोबाइल में एग्रीस्टेक ऐप डाउनलोड कर स्वयं पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए भूमि का रकबा, खसरा नंबर, ग्राम पंचायत सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। किसानों की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1030 भी शुरू की है, जहां कृषि एवं खाद्य विभाग से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है।

लाभ वितरण और खाद-बीज व्यवस्था में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण, कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने या शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी- कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments