परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : नगर पंचायत छुरा में जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद की पहल पर सोमवार को "जनसंवाद – अपनों से अपनी बात" कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अभिनव पहल का उद्देश्य नगरवासियों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सीधे सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा नगर विकास में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है।नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही नगर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए गए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि नगर के विकास और जनहित के कार्यों में जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगा तथा इससे समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा।उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखें, ताकि नगर के समग्र विकास के लिए बेहतर योजना बनाई जा सके और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
गौरतलब है कि "जनसंवाद – अपनों से अपनी बात" कार्यक्रम अब प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय छुरा में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। नगर पंचायत की इस पहल को नागरिकों द्वारा सराहनीय कदम बताया जा रहा है, जिससे आमजन को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ ही नगर पंचायत छुरा ने जनसुनवाई और जनभागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।

Comments