Korba News: पुलिस पर मारपीट और रुपये लेने का आरोप, पानी टंकी पर चढ़ा युवक; इंसाफ की मांग

Korba News: पुलिस पर मारपीट और रुपये लेने का आरोप, पानी टंकी पर चढ़ा युवक; इंसाफ की मांग

कोरबा :हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और रुपये लेने का आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों का कहना है कि मंगलवार को उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे 23 हजार 500 रुपये जबरन ले लिए गए।

इन आरोपों से नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बीच भी वह टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते हुए न्याय की मांग कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

वहीं मामले में हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करने की गतिविधियों में शामिल थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी। थाना प्रभारी ने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की है।

इस बीच ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा लोगों के घरों में घुसकर उन्हें उठाकर थाने ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों ने अनवर अली नामक युवक का भी जिक्र किया, जिसकी पत्नी के अनुसार वह पिछले चार दिनों से घर नहीं लौटा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी के खिलाफ जुए से संबंधित शिकायत थी तो भी उसके साथ कथित रूप से लाठी और बेल्ट से मारपीट करना उचित नहीं है।

घटना की सूचना मिलने पर नए तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ग्रामीणों और परिजनों की मदद से रफीक मोहम्मद को समझाने का प्रयास कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक युवक पानी टंकी पर ही मौजूद था और अधिकारियों द्वारा उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी थी।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments