पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्या चरण शुक्ल की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्या चरण शुक्ल की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 

छुरा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने याद किए विद्या भैया के योगदान और राजनीतिक व्यक्तित्व


परमेश्वर राजपूत , गरियाबंद/ छुरा : नगर मुख्यालय स्थित राजमहल प्रांगण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विद्या चरण शुक्ल की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को स्मरण किया।कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती माहेश्वरी शाह द्वारा विद्या चरण शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती माहेश्वरी शाह ने कहा कि विद्या चरण शुक्ल देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश में उनकी पहचान एक कद्दावर, दूरदर्शी और सर्वमान्य नेता के रूप में थी। उनके नेतृत्व, कार्यशैली और जनहितकारी सोच ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में विशिष्ट स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि विद्या चरण शुक्ल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल समद खान ने कहा कि विद्या चरण शुक्ल का राजनीतिक जीवन जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने देश में संचार व्यवस्था और दूरभाष सेवाओं के विस्तार में उनके महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत में दूरसंचार के क्षेत्र में जो व्यापक विकास दिखाई देता है, उसमें उनके प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से सात बार सांसद निर्वाचित होना उनके जनाधार और लोकप्रियता का प्रमाण है।जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मंजू ध्रुव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विद्या चरण शुक्ल ने देश के विकास और जनता की सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि दूरसंचार नेटवर्क के विस्तार और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके कार्य और विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद राजकुमारी सोनी, पार्षद दीप्ति यादव, यशपेंद्र शाह, अशोक दीक्षित, भानुप्रताप वर्मा, हरीश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विद्या चरण शुक्ल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।श्रद्धांजलि सभा का समापन दो मिनट का मौन रखकर किया गया। उपस्थित जनों ने विद्या चरण शुक्ल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित महान जननेता बताया।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments