छत्तीसगढ़ में डिजिटल प्रशासन का नया अध्याय: सरगुजा संभाग ने लॉन्च किया राज्य का पहला संभागीय पोर्टल

छत्तीसगढ़ में डिजिटल प्रशासन का नया अध्याय: सरगुजा संभाग ने लॉन्च किया राज्य का पहला संभागीय पोर्टल


एमसीबी : डिजिटल सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए सरगुजा संभाग ने छत्तीसगढ़ का पहला आधिकारिक संभागीय पोर्टल लॉन्च कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शुक्रवार को सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने सरगुजा संभाग की आधिकारिक वेबसाइट division-surguja.cg.gov.in का विधिवत शुभारंभ किया। यह छत्तीसगढ़ राज्य के किसी भी संभाग की पहली आधिकारिक वेबसाइट है, जो नागरिकों, पर्यटकों और विभिन्न हितधारकों को एकीकृत डिजिटल मंच प्रदान करेगी।
संभागीय वेबसाइट का निर्माण एवं तकनीकी सहयोग राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) सरगुजा द्वारा किया गया है। पोर्टल को भारत सरकार के सुरक्षित एवं आधुनिक S3WaaS (Secure' Scalable - Sugamya Website as a Service) प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, जिससे इसकी सुरक्षा, विश्वसनीयता और उपयोगकर्ता सुविधा सुनिश्चित होती है।

अत्याधुनिक तकनीक और मजबूत साइबर सुरक्षा
पोर्टल को 'Secure-by-Design' फ्रेमवर्क पर तैयार किया गया है तथा इसकी होस्टिंग NIC के राष्ट्रीय डाटा सेंटरों में की गई है। इसके माध्यम से वेबसाइट को स्वचालित सुरक्षा अपडेट, साइबर सुरक्षा प्रबंधन और नियमित सुरक्षा ऑडिट जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। वेबसाइट पूरी तरह रिस्पॉन्सिव है, जिससे इसे मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर सहित सभी डिजिटल उपकरणों पर आसानी से उपयोग किया जा सकेगा। वर्तमान में यह हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

प्रशासन, पर्यटन और राजस्व सेवाओं का एकीकृत मंच
नव विकसित पोर्टल के माध्यम से सरगुजा संभाग की प्रशासनिक संरचना, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संभागीय प्रोफाइल, अधिकारियों की संपर्क जानकारी तथा सभी जिलों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वेबसाइट में सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासतों और क्षेत्रीय महोत्सवों की विस्तृत जानकारी भी शामिल की गई है, जिससे पर्यटकों को क्षेत्र की विशेषताओं से परिचित होने में सुविधा मिलेगी।

ऑनलाइन राजस्व सेवाओं तक सीधी पहुंच
पोर्टल के माध्यम से नागरिक अब बी-1/पी-11, नामांतरण, राजस्व न्यायालय आवेदन, डायवर्सन सहित अनेक महत्वपूर्ण ऑनलाइन राजस्व सेवाओं तक सीधे पहुंच सकेंगे। इसके अलावा कार्यालयीन नोटिस, निविदाएं, अधिसूचनाएं, परिपत्र एवं अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी नियमित रूप से वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएंगी। नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए वेबसाइट में फीडबैक फॉर्म, मीडिया कॉर्नर, फोटो गैलरी और वीडियो गैलरी जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

डिजिटल सुशासन की दिशा में मील का पत्थर
शुभारंभ अवसर पर संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने सरगुजा संभाग के सभी जिला कलेक्टरों और एनआईसी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जिलों द्वारा सक्रिय डेटा साझाकरण और एनआईसी की समर्पित टीम की मेहनत से राज्य का पहला संभागीय पोर्टल साकार हो पाया है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाने तथा डिजिटल सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम में उपायुक्त आर.के. खुंटे सहित कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments