कोरिया : जिला कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने शुक्रवार को सोनहत एवं बैकुंठपुर अनुभाग अंतर्गत जिले की चारों तहसीलों के समस्त पटवारियों की बैठक लेकर राजस्व कार्यों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में पटवारियों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के संबंध में विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने शिकायतों के परीक्षण, तथ्यात्मक प्रतिवेदन तैयार करने तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विभिन्न मामलों में अपेक्षित प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में विलंब होने से मामलों के निपटारे में देरी होती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बैठक में लंबित सीमांकन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक सोमवार को सभी पटवारी अपने मुख्यालय कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। राजस्व संबंधी कार्यों में नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा गया।
कलेक्टर ने फर्द बंटवारा एवं फौती नामांतरण प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फौती नामांतरण से संबंधित नवीन निर्देशों के तहत ग्राम पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस संबंध में सभी पटवारियों को ग्राम पंचायत सचिवों को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा शीघ्र ही उनके माध्यम से फौती नामांतरण प्रक्रिया प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।
16 जून से प्रारंभ होने वाले नवीन शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को प्रवेश, छात्रवृत्ति एवं अन्य शैक्षणिक कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
इसके अलावा किसानों से संबंधित एग्रीस्टैक पंजीयन, भूमि अभिलेख, जमीन विवाद एवं अन्य राजस्व मामलों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग का सीधा संबंध आम जनता से है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी एस.के. वैद्य, एसडीएम बैकुंठपुर उमेश पटेल, एसडीएम सोनहत अमित कुमार गुप्ता सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिले के समस्त पटवारी उपस्थित रहे।

Comments