एमसीबी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित विशेष विकास एवं जनकल्याण प्रदर्शनी लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन हजारों नागरिकों की उपस्थिति ने इसे जनजागरण और जनसंपर्क का प्रभावी मंच बना दिया। सुबह से लेकर शाम तक प्रदर्शनी स्थल पर लोगों की लगातार भीड़ बनी रही। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। कृषि, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेयजल, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे से संबंधित योजनाओं की जानकारी पोस्टरों, फ्लेक्स, डिजिटल डिस्प्ले, पुस्तिकाओं और दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए लोगों तक पहुंचाई जा रही है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने, जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के जरिए किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी विशेष रूप से प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा पीएम स्वनिधि, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्टार्टअप इंडिया और कौशल विकास कार्यक्रमों की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे विद्यार्थियों और युवाओं ने तकनीकी प्रगति, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और नवाचार से जुड़ी जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। युवाओं ने रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की, वहीं महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों, उज्ज्वला योजना, मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं तथा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी हासिल की। किसानों ने कृषि क्षेत्र में संचालित योजनाओं और अनुदान संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा अपने अनुभव भी साझा किए। प्रदर्शनी स्थल पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आगंतुकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के बारे में समझाया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल सके। कई लोगों ने मौके पर ही योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आगे आवेदन करने की इच्छा भी व्यक्त की।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्रदर्शनी में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि शासन की उपलब्धियों और योजनाओं को एक ही स्थान पर इस प्रकार व्यवस्थित रूप से देखना और समझना उपयोगी अनुभव है। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूकता मिलती है और वे अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर पाते हैं। जिले के नागरिकों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनते हैं। इससे विकास कार्यों की जानकारी सीधे आमजन तक पहुंचती है तथा लोगों में सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ती है।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन पूरे परिसर में उत्साह, जिज्ञासा और जनभागीदारी का अनूठा वातावरण देखने को मिला। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, सामाजिक उत्थान और विकास की यात्रा को करीब से जानने के लिए लोगों में विशेष उत्सुकता दिखाई दी। लगातार बढ़ती जनभागीदारी को देखते हुए प्रदर्शनी आने वाले दिनों में भी जिले के नागरिकों के लिए आकर्षण और जानकारी का प्रमुख केंद्र बनी रहने की संभावना है।

Comments