भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया जिसको टीम इंडिया 9 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। इसके बाद अफगानिस्तान की पारी 44.2 ओवर्स में 218 रनों के स्कोर पर सिमट गई, जिसमें भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट हासिल किए। वहीं 219 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 28.4 ओवर्स में इस मुकाबले को अपने नाम करने के साथ 3-0 से सीरीज को खत्म किया। टीम इंडिया की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए यशस्वी जायसवाल ने जहां शतकीय पारी खेली तो वहीं रोहित शर्मा के बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली।
अफगानिस्तान टीम की मुकाबले में शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने अपने शुरुआती 4 विकेट 10 ओवर्स के अंदर ही गंवा दिए थे। वहीं इसके बाद उनके कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और अजमतुल्लाह ओमारजई के बीच में पांचवें विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी देखने को मिली। ओमरजई के पवेलियन लौटने के साथ ही अफगानिस्तान पारी को सिमटने में अधिक समय नहीं लगा। वहीं हशमतुल्लाह शाहिदी 102 रनों की पारी जरूर खेलने में कामयाब रहे। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में जहां प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट हासिल किए तो वहीं गुरनूर, प्रिंस और हर्ष दुबे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देने का काम किया जिसमें दोनों के बीच में पहले विकेट के लिए 170 रनों की बड़ी साझेदारी देखने को मिली। रोहित शर्मा इस मैच में 79 रनों ती बेहतरीन पारी खेलकर पवेलियन लौटे। वहीं यशस्वी जायसावल ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाने के साथ नाबाद 110 रनों की पारी खेलते हुए जीत दिलाकर वापस लौटे।
तीसरे वनडे के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक
भारत (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव

Comments