वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री  केदार कश्यप ने हीरानार छात्रावास पहुंच बच्चों का बढ़ाया उत्साह, मन लगाकर पढ़ाई करने की दी सीख

वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने हीरानार छात्रावास पहुंच बच्चों का बढ़ाया उत्साह, मन लगाकर पढ़ाई करने की दी सीख

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ शासन के वन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री  केदार कश्यप ने विकासखंड गीदम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास, हीरानार का दौरा कर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास का महत्व बताया।

प्रभारी मंत्री  कश्यप ने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने बच्चों से हल्बी एवं गोंडी भाषा के बारे में जानकारी ली तथा पूछा कि किन-किन विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा का ज्ञान है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने की सीख दी।

बच्चों से संवाद के दौरान उन्होंने सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछते हुए देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम जानने का प्रयास किया। साथ ही विद्यार्थियों से उनके आराध्य देवी-देवताओं, स्थानीय संस्कृति एवं योग के महत्व पर भी चर्चा की। योग के लाभों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और मन एकाग्र रहता है, जिससे पढ़ाई में भी बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं।

मंत्री  कश्यप ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब वे अगली बार यहां आएंगे तो सभी विद्यार्थी गीत, भजन, देशभक्ति गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जिला प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से समृद्ध है। विद्यार्थियों को जिले के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर उनके महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, वहीं साइंस सेंटर बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने का उत्कृष्ट माध्यम है। इसी प्रकार वन मंदिर एवं अन्य दर्शनीय स्थल प्रकृति, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों का भ्रमण बच्चों के ज्ञान और अनुभव को समृद्ध बनाता है।

प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने की सीख देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हीरानार के विद्यार्थी शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।

विधायक  चैतराम अटामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्र अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करें और अपने क्षेत्र, समाज तथा देश का नाम रोशन करें। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष  नंदलाल मुड़ामी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि  संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं डीएफओ  रामकृष्णा रंगानाथा वाय,अपर कलेक्टर  राजेश पात्रे तथा विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने प्रभारी मंत्री के इस आत्मीय एवं प्रेरणादायी संवाद के लिए उनका आभार व्यक्त किया।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments