मुंबई : ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हर हफ्ते नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन कुछ ही दर्शकों का दिल जीत पाती हैं। इस बार जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'ठुकरा के मेरा प्यार 2' ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करते हुए ट्रेंडिंग लिस्ट में पहला स्थान बना लिया है। खास बात यह है कि यह सीरीज रणवीर सिंह की चर्चित फिल्म 'धुरंधर 2' को भी पीछे छोड़ चुकी है।
संचिता बसु, धवल ठाकुर, सुशील पांडे और अनिरुद्ध दवे स्टारर इस सीरीज को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि IMDb पर इसे 8.2 की शानदार रेटिंग मिली है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
क्या है कहानी?
'ठुकरा के मेरा प्यार 2' साल 2024 में आए पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाती है। पहले सीजन में उत्तर प्रदेश के सीतापुर की पृष्ठभूमि पर आधारित प्रेम कहानी दिखाई गई थी, जहां गरीब परिवार के कुलदीप और प्रभावशाली परिवार की शानविका के बीच प्यार पनपता है, लेकिन सामाजिक हैसियत और गलतफहमियां दोनों को एक-दूसरे का दुश्मन बना देती हैं।
दूसरे सीजन में क्या है खास?
दूसरे सीजन में कहानी नए मोड़ के साथ आगे बढ़ती है। कुलदीप अपनी पिछली गलतियों पर पछताता नजर आता है, जबकि शानविका अपने पिता और पति को खोने के बाद बदले की आग में राजनीति का रास्ता चुनती है। प्यार, धोखा, सत्ता, बदला और लगातार आने वाले ट्विस्ट इस सीजन को और भी रोमांचक बनाते हैं।
अगर आप सस्पेंस, इमोशन और राजनीतिक ड्रामा से भरपूर वेब सीरीज देखना पसंद करते हैं, तो 'ठुकरा के मेरा प्यार 2' आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।

Comments