पाली (कोरबा) : नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के साथ ही शासकीय प्राथमिक विद्यालय धनुहारपारा (केराकछार), संकुल माँगामार, विकासखंड पाली में सोमवार को वर्ष का प्रथम शिक्षक-पालक सम्मेलन एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर नए शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद सदस्य श्रीमती मनीषा कंवर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गुलाब सिंह, उपाध्यक्ष सूरज बाई, पंच बाबूलाल, उमाशंकर टेकाम एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया। इस दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। नई किताबें और गणवेश पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जनपद सदस्य श्रीमती मनीषा कंवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में सिखाई जाने वाली गतिविधियों का नियमित अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, लगन और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
विद्यालय के प्रधान पाठक डॉ. नरेंद्र प्रताप राठौर ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि स्कूल में रटने की परंपरा के बजाय रचनात्मक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे बच्चों में सीखने की रुचि और आत्मविश्वास का विकास हो सके।
शिक्षक-पालक सम्मेलन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, घरेलू वातावरण, विद्यालयीन गतिविधियों तथा बेहतर शिक्षण व्यवस्था को लेकर शिक्षकों और अभिभावकों के बीच सार्थक चर्चा हुई। बैठक में शाला विकास समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों को विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति से भी अवगत कराया गया। इस पर सभी ने विद्यालय के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में मिथलेश कंवर, इन्द्र कुमार, बलवन सिंह, हरिशंकर, अर्जुन सिंह, गौतम सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, पालकगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Comments