सक्ती : कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने विशेष रूप से नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए तहसीलदारों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु एप, सुशासन तिहार-2026, मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था और विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु एप पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मानसून को लेकर सतर्क रहने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को बारिश के मौसम में संभावित जलभराव एवं अन्य आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, बचाव दलों की सक्रियता तथा प्रशिक्षित तैराकों एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
विद्युत विभाग को आश्रम, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय कार्यालयों तथा आम नागरिकों से मिलने वाली बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जलजनित और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
किसानों को समय पर मिले खाद-बीज
खरीफ सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद, बीज और सिंचाई सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उर्वरकों एवं बीजों के स्टॉक की समीक्षा करते हुए अवैध खाद-बीज विक्रय और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। साथ ही किसानों को नैनो यूरिया और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
अन्य योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरण, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम आवास योजना (शहरी), राजस्व प्रकरणों तथा विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जनदर्शन और जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, बालेश्वर राम, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, विभिन्न एसडीएम तथा सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments