परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा :प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में सेजेस इंग्लिश मीडियम स्कूल, छुरा में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ के अवसर पर प्रवेश उत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का गुलाल लगाकर एवं पाठ्यपुस्तक भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण रहा। विद्यार्थियों एवं पालकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय द्वारा सभी विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने मिलकर भोजन ग्रहण किया।
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं एवं वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में महक सचदेव (कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान), योगिता ध्रुव (कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान), दीक्षा सिंह निराला (कक्षा 8वीं में प्रथम स्थान) तथा हरीश कुमार पटेल (कक्षा 5वीं में प्रथम स्थान) शामिल रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में बिनेश कुमार डनसेना (व्याख्याता, संस्कृत), चुम्मनलाल कंडरा (व्याख्याता, हिन्दी), श्वेता सेतु एक्का (व्याख्याता, अंग्रेजी), रिया कुटारे (व्याख्याता, गणित), मोनिका वैष्णव (व्याख्याता, अंग्रेजी), भोजराज साहू (व्याख्याता, वाणिज्य) तथा प्रीतम कुमार साहू (व्याख्याता, जीवविज्ञान) शामिल रहे। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद एवं सभापति श्रीमती संगीता दीक्षित नगर पंचायत छुरा तामेश्वर निषाद सक्रिय सदस्य एस एम डी सी मोतीलाल साहू सेवानिवृत प्रधान पाठक अजय दीक्षित समाजसेवी शीतल ध्रुव उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम एवं प्रवेश उत्सव जैसे प्रेरणादायी आयोजन की सराहना करते हुए प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन दिवस यादव ने किया। अंत में प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सभी अतिथियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा नए शिक्षा सत्र में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का संकल्प दिलाते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।

Comments