परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव के निज निवास ग्राम नाहनबीरी (मैनपुर) में आत्मीय आगमन हुआ। इस अवसर पर विधायक जनक ध्रुव एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया।आत्मीय मुलाकात के दौरान डॉ. महंत और विधायक जनक ध्रुव के बीच प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति, बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि डॉ. चरणदास महंत का विशाल राजनीतिक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व, संगठन के प्रति अटूट समर्पण तथा जनसेवा का उनका दृष्टिकोण सभी जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को और अधिक समर्पण, ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने की निरंतर प्रेरणा देता है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, युगल पाण्डेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति नीरज ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरियाबंद अध्यक्ष अमित मिरी, देवभोग नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, अमृत पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प दोहराया। विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि आदरणीय डॉ. चरणदास महंत का स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन उनके लिए सदैव अमूल्य और सर्वोपरि रहेगा, जिससे क्षेत्र के विकास एवं जनता की सेवा के संकल्प को नई ऊर्जा मिलती रहेगी।

Comments