मानसून सत्र से पहले BJP की रणनीति बैठक, CM विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में विधायक दल का मंथन शुरू

मानसून सत्र से पहले BJP की रणनीति बैठक, CM विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में विधायक दल का मंथन शुरू

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के 13 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मानसून सत्र से पहले सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शुरू हुई। बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा विधायक शामिल हैं।

बैठक में आगामी मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विपक्ष के संभावित सवालों के जवाब, विभिन्न विभागों की तैयारियों तथा सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है। साथ ही सदन में सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखने और विधायकों के बीच बेहतर समन्वय पर भी मंथन हो रहा है।

'हर सवाल का जवाब देने को तैयार है भाजपा'

बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि आगामी मानसून सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और भाजपा सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

वहीं मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार ने मानसून सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी और इस बार विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा।

सत्र से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल

मानसून सत्र से पहले राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और सदन के सुचारु संचालन पर चर्चा की। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस

आगामी सत्र में कांग्रेस कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण, रायपुर के नकटी गांव का भूमि विवाद, सिंचाई व्यवस्था, धान खरीदी की तैयारियां तथा मानसून के दौरान व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

1,033 प्रश्न लगाए जा चुके

मानसून सत्र के लिए अब तक विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। ऐसे में प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

फिलहाल मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक जारी है। बैठक के बाद सरकार की रणनीति और मानसून सत्र की रूपरेखा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत सामने आने की संभावना है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments