सरगुजा :छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक आरक्षक और उसकी पत्नी पर 20 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। आरोप है कि दोनों ने जमीन खरीदने और लोक निर्माण विभाग (PWD) से 75 लाख रुपये का भुगतान मिलने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये उधार लिए, लेकिन रकम वापस नहीं की।
पुलिस के अनुसार, गांधीनगर (पटपरिया) निवासी अनुपमा सिंह, जो 'अनुपमा मेकओवर' नाम से ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं, ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2023 में अंबिकापुर सीएसपी कार्यालय में वाहन चालक के रूप में पदस्थ आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अलका प्रताप सिंह ने घरेलू संबंधों का हवाला देकर जमीन खरीदने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत बताई। साथ ही दावा किया कि PWD मुख्यालय रायपुर से उनका 75 लाख रुपये का भुगतान जल्द मिलने वाला है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पीड़िता का आरोप है कि इस भरोसे पर उन्होंने 11 जुलाई से 30 जुलाई 2023 के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 30 लाख रुपये आरोपियों को दिए। बाद में लगातार मांग करने पर मार्च 2025 तक केवल 10 लाख रुपये ही लौटाए गए। शेष 20 लाख रुपये के लिए आरोपियों ने 10-10 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कानूनी नोटिस भेजने के बाद आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और पुलिस विभाग में प्रभाव होने का हवाला देते हुए झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अलका प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और साझा आपराधिक मंशा के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक बीरेंद्र कुजूर को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

Comments