रायपुर: छत्तीसगढ़ के आरंग से हैरान कर देने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने शराब दुकान का ताला नहीं, बल्कि पूरी छत काट डाली है। देर रात दुकान की टीन की छत तोड़कर अंदर घुसे बदमाश हजारों रुपये की शराब लेकर फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
मामला आरंग थाना क्षेत्र के लखौली स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान का है। जानकारी के मुताबिक, 6 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान की टीन की छत काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने दुकान में रखी ‘शोले मसाला’ ब्रांड की शराब की 15 पेटियां चोरी कर लीं। चोरी की गई शराब की कीमत करीब 72 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना का पता अगली सुबह दुकान खुलने पर चला। सुपरवाइजर दीपक कुमार तांडी ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी और आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि चोर इतनी बड़ी मात्रा में शराब लेकर फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कब तक कर पाती है।
कोरबा शहर में भी हुई एक चोरी काफी चर्चा में
जनवरी 2026 में छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में भी हुई एक चोरी काफी चर्चा में रही थी। दरअसल खबर आई थी कि यहां नहर पर बना लगभग 40 वर्ष पुराना 10 टन वजनी एक छोटा लोहे का पुल चोरी हो गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, चोरों ने गैस कटर से पुल को काटा था और उसे कबाड़ में बेच दिया था। इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।
कोरबा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले का भी बयान सामने आया है। उन्होंने बताया था कि 18 जनवरी की सुबह लोगों द्वारा वार्ड के पार्षद को ये जानकारी दी गई थी कि सुबह के वक्त उन्होंने लोहे का पुल गायब देखा। इसके बाद जब पार्षद ने अधिकारियों को सूचना दी तो हड़कंप मच गया।

Comments