भिभौरी को मिली उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात, 4.65 करोड़ की लागत से बनेगा नवीन कॉलेज भवन

भिभौरी को मिली उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात, 4.65 करोड़ की लागत से बनेगा नवीन कॉलेज भवन

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड अंतर्गत ग्राम भिभौरी के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन शासकीय कॉलेज भवन का विधिवत भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक उच्च शिक्षा का नया केंद्र बनेगा तथा ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

शिक्षा और आधारभूत संरचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं आधारभूत अधोसंरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश के समग्र विकास की आधारशिला शिक्षा होती है और जब गांवों तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थान पहुंचते हैं, तब युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि भिभौरी में बनने वाला आधुनिक कॉलेज भवन विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा। इससे उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

लंबे समय से थी आधुनिक कॉलेज भवन की मांग : दीपेश साहू
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि भिभौरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की लंबे समय से आधुनिक कॉलेज भवन की मांग थी, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि नया भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

ग्रामीण युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : विजय बघेल
सांसद विजय बघेल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर निवेश कर रही हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नया कॉलेज भवन ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित युवा ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत और छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया भवन
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की स्वीकृत लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन कॉलेज भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप अधोसंरचना विकसित की जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।उन्होंने निर्माण कार्य की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि विभाग निर्धारित समय-सीमा एवं उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर दिया गया जोर
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने नए कॉलेज भवन की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एसएसपी रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments