दुर्ग में 8 सूने मकानों में चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 32 लाख का माल बरामद

दुर्ग में 8 सूने मकानों में चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 32 लाख का माल बरामद

दुर्ग : मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में बीते कुछ समय से सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी ने पुलिस के नाक पर दम कर रखा था। आखिरकार पुलिस ने इन सभी चोरियों के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 32 लाख कीमत के गहने और सामग्री भी बरामद किए गए हैं।

दरअसल जामुल निवासी आरोपी अनुराग मिश्रा ने दोनों थाना क्षेत्रों के 8 घरों को अपना निशाना बनाया था। खास बात यह है कि आरोपी सभी घरों में चोरी के बाद सीसीटीवी के डीवीआर अपने साथ ले जाता था। पुलिस ने इन चोरों को पकड़ने के लिए टीम बनाई और इसी बीच रात्रि पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग एवं नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की इंडिगो कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर अनुराग मिश्रा वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, पुलिस ने कार को रोक कर चालक को हिरासत में लिया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा पूर्व में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य करता था। कई एप्लिकेशन के माध्यम से लाखों रुपये के कर्ज में डूब गया था। अलग-अलग कॉलोनियों और आवासीय क्षेत्रों में आने-जाने और सीसीटीवी की तकनीकी जानकारी होने के कारण वह पहले सूने मकानों की रेकी करता था। रात्रि के समय सब्बल, पेचकस एवं अन्य उपकरणों की सहायता से मकान में प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी करता था और सीसीटीवी डीवीआर लेकर फरार हो जाता था।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

चोरी के गहनों को गिरवी रखकर लेता था लोन

आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषणों को मुथूट फाइनेंस (पावर हाउस), आईआईएफएल फाइनेंस (पावर हाउस), बजाज गोल्ड फाइनेंस (पावर हाउस) तथा मुथूट फाइनेंस (कुम्हारी) जैसे फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर उसके एवज में ऋण प्राप्त करता था और प्राप्त राशि का व्यक्तिगत उपयोग करता था। कुछ राशि अपने साथी तुषार मिश्रा के बैंक अकाउंट में भी ट्रांसफर किया है, जिससे चोरी के सामान का तत्काल संदेह न हो सके। जांच के दौरान पुलिस ने गिरवी रखे गए आभूषण बरामद किए।

आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर 25 लाख कीमत के लगभग 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के आभूषण, 02 एलईडी टीवी, 01 डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा दो चारपहिया, एक दोपहिया वाहन सहित लगभग 32 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments