दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में जिला पंचायत अध्यक्ष का औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे पूछा हाल

दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में जिला पंचायत अध्यक्ष का औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे पूछा हाल

दंतेवाड़ा: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील एवं जनकेंद्रित बनाने की दिशा में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की, उनका स्वास्थ्य हाल-चाल जाना तथा उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं, जांच सुविधा, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में सीधे फीडबैक प्राप्त किया।

निरीक्षण के दौरान मुड़ामी ने विशेष रूप से दूर-दराज के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। मरीजों द्वारा बताए गए विषयों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक दवाइयां, जांच एवं अन्य सभी स्वास्थ्य सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

जिला पंचायत अध्यक्ष ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, वार्डों की व्यवस्था, दवा वितरण प्रणाली, प्रयोगशाला सेवाएं, पेयजल, शौचालय, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं तथा मरीजों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सम्मानजनक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अव्यवस्था किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

 मुड़ामी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी समय पर बेहतर, सुलभ एवं भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग, व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा एवं जनसामान्य से प्रत्यक्ष संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास का भी केंद्र है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता, सेवा भाव और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आत्मीय व्यवहार भी प्राप्त हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, जांच सुविधाओं की सुचारु व्यवस्था, स्वच्छता एवं मरीजों की सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक पहलू की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों की शिकायतों का त्वरित निराकरण कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाया जाए।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments