एमसीबी/मनेंद्रगढ़ : मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को लेकर पिछले कई महीनों से चल रही राजनीतिक बयानबाजी और विपक्ष के आरोपों के बीच राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (National Medical Commission-NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने 12 जुलाई 2026 को लेटर ऑफ परमिशन (Letter of Permission-LoP) जारी कर दिया है। इसके साथ ही गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज मनेंद्रगढ़ को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 MBBS सीटों के साथ औपचारिक मान्यता एवं प्रवेश की अनुमति मिल गई है।
भारत सरकार के अधीन कार्यरत राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा विस्तृत निरीक्षण, आवेदन, दस्तावेजों, आधारभूत संरचना, फैकल्टी तथा अन्य सभी निर्धारित मानकों का परीक्षण करने के बाद यह अनुमति जारी की गई है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि मेडिकल कॉलेज राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के आवश्यक मानकों पर खरा उतरा है।
स्वास्थ्य मंत्री के भरोसे पर लगी NMC की आधिकारिक मुहर
मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को लेकर जब कांग्रेस नेताओं ने लगातार बयानबाजी करते हुए इसकी अनुमति पर सवाल उठाने शुरू किए थे, तब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया के समक्ष पूरे विश्वास के साथ कहा था कि "मनेंद्रगढ़ का सरकारी मेडिकल कॉलेज इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू होगा। मेडिकल कॉलेज सभी आवश्यक पैरामीटर, मानकों और दस्तावेजों में पूरी तरह खरा उतरेगा तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से अनुमति अवश्य मिलेगी।"
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अब 12 जुलाई 2026 को NMC द्वारा आधिकारिक लेटर ऑफ परमिशन (LoP) जारी होने के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री का यह विश्वास और सरकार का संकल्प पूरी तरह सही साबित हुआ है। आधिकारिक अनुमति पत्र ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार ने जो दावा किया था, वह केवल घोषणा नहीं बल्कि पूरी तैयारी और निर्धारित मानकों पर आधारित था।
NMC ने क्या कहा?
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि आवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट तथा सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच के बाद Government Medical College Manendragarh (Chhattisgarh) को 50 MBBS सीटों के साथ संचालित करने की अनुमति प्रदान की जाती है।
यह मेडिकल कॉलेज Pandit Deendayal Upadhyay Memorial Health Science & Ayush University, Chhattisgarh से संबद्ध रहेगा तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
विपक्ष के आरोपों पर लगा पूर्ण विराम
पिछले कुछ समय से कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा यह कहा जा रहा था कि मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को अनुमति नहीं मिलेगी अथवा आवश्यक मानकों में कमी के कारण इसकी स्वीकृति अटक सकती है। लेकिन अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के आधिकारिक लेटर ऑफ परमिशन ने उन सभी दावों और आशंकाओं पर पूर्ण विराम लगा दिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आधिकारिक अनुमति पत्र सामने आने के बाद विपक्ष के आरोप स्वतः निराधार साबित हो गए हैं। जिन दस्तावेजों और प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए जा रहे थे, उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति प्रदान कर दी।
इन शर्तों के अधीन मिली स्वीकृति
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने अनुमति के साथ कई आवश्यक शर्तें भी निर्धारित की हैं—
मेडिकल कॉलेज को सभी निर्धारित मानकों का निरंतर पालन करना होगा।
अस्पताल, फैकल्टी, उपकरण एवं आधारभूत सुविधाएं तय मानकों के अनुरूप बनाए रखनी होंगी।
भविष्य के निरीक्षणों में किसी प्रकार की कमी मिलने पर आयोग आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा।
कॉलेज को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फैकल्टी, छात्रों, अस्पताल सेवाओं एवं अन्य जानकारी नियमित रूप से अपडेट करनी होगी।
बायोमेट्रिक, CCTV, हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से संचालित करनी होंगी।
क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
मेडिकल कॉलेज को अनुमति मिलने से अब एमसीबी जिले, सरगुजा संभाग तथा आसपास के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही एमबीबीएस की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल मेडिकल शिक्षा का विस्तार होगा बल्कि भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।
दस्तावेजों ने दिया जवाब, राजनीति हुई बेअसर
मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को लेकर लंबे समय से राजनीतिक बयानबाजी जारी थी, लेकिन अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के आधिकारिक आदेश ने पूरी तस्वीर स्पष्ट कर दी है। विकास कार्यों पर उठे सवालों का सबसे मजबूत उत्तर सरकारी दस्तावेज और परिणाम होते हैं। NMC द्वारा जारी Letter of Permission ने सरकार की मंशा, प्रशासन की तैयारी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के भरोसे—तीनों पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।
राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस के आरोपों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। जिस मुद्दे पर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे, उसी मुद्दे पर अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के आधिकारिक आदेश ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है।
मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली ये मंजूरी
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की स्वीकृति
मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) द्वारा Letter of Permission जारी
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रारंभ
50 MBBS सीटों की मंजूरी
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एंड आयुष विश्वविद्यालय से संबद्धता
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का दावा हुआ सही साबित
क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मेडिकल शिक्षा का नया अध्याय शुरू

Comments