गरियाबंद :- गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गांजा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवभोग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी क्रमांक CG 04 Q 2363 से 30 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक स्कूटी में गांजा लेकर रायपुर जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना के सामने घेराबंदी कर स्कूटी को रोका गया। तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक बोरी और बैग से 30.100 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है। दोनों ही गांजा तस्कर रायपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने गांजा के साथ स्कूटी और दो टच स्क्रीन मोबाइल भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपी गांजा के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की गई।
गरियाबंद पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार कार्यवाही कर रही है। देवभोग पुलिस ने 15 लाख रुपये का गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि जिले में डेढ़ माह के भीतर 1.34 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा जब्त कर पुलिस ने तस्करों पर शिकंजा कस दिया है।

Comments