भारत और इंग्लैंड के बीच इस वक्त वनडे सीरीज खेली जा रही है। अभी पहला ही मुकाबला हुआ है, जिसे टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए अपने नाम कर लिया है। इसी बीच आईसीसी ने नई रैंकिंग भी जारी कर दी है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को इस बार रेटिंग का फायदा हुआ है। हो सकता है कि वे जल्द ही नंबर वन बल्लेबाज बन जाएं। वे इसके काफी करीब पहुंच गए हैं।
डेरिल मिचेल आईसीसी वनडे रैंकिंग के नंबर एक बल्लेबाज, गिल अभी दूसरे स्थान पर
आईसीसी ने वनडे की नई रैंकिंग जारी कर दी है। पिछले काफी वक्त ये यहां के नंबर एक बल्लेबाज न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल बने हुए हैं। अभी वे यहीं यानी पहले नंबर पर हैं, लेकिन अब उनकी कुर्सी पर खतरा दिखाई देने लगा है। शुभमन गिल ने अपनी रेटिंग में सुधार किया है। जहां एक ओर डेरिल मिचेल की रेटिंग 814 की है, वहीं शुभमन गिल की रेटिंग 803 की है। भारत बनाम इंग्लैंड पहले वनडे में गिल ने अच्छी बल्लेबाज की थी, उसका फायदा उन्हें यहां मिलता हुआ नजर आ रहा है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
गिल को रेटिंग में हुआ फायदा, अब पहले नंबर के काफी करीब पहुंचे
शुभमन गिल की रेटिंग एक दिन पहले यानी यानी 14 जुलाई की शाम को 791 की थी, वहीं डेरिल मिचेल की 815 की थी। लेकिन एक ही दिन या यूं कहें कि कुछ ही घंटे में गिल की रेटिंग बढ़कर 803 की हो गई। यानी अब गिल के पास अगले मैच में भी एक अच्छी पारी खेलकर पहले नंबर पर पहुंचने का मौका होगा। भारत बनाम इंग्लैंड के बीच अभी दो और वनडे मुकाबले खेले जाने हैं।
रोहित शर्मा और विराट कोहली टॉप 5 में बने हुए हैं
इस बीच जहां एक ओर दूसरे नंबर पर गिल हैं, वहीं विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा नंबर चार पर बने हुए हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा के बल्ले से इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में खास रन नहीं आए थे। हालांकि इसके बाद भी उनकी रैंकिंग बरकरार है। विराट कोहली की रेटिंग अभी 757 की चल रही है, वहीं रोहित शर्मा की रेटिंग 744 की चल रही है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को बचे हुए दो मैचों में से कम से कम एक बड़ी पारी जरूर खेलनी होगी, तभी वे टॉप 5 में बने रह पाएंगे, नहीं तो हो सकता है कि उनका यहां से पत्ता कट जाए।

Comments