जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़! कलेक्टर ने हर शिकायत पर लिया संज्ञान, अफसरों को दिए तुरंत कार्रवाई के आदेश

जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़! कलेक्टर ने हर शिकायत पर लिया संज्ञान, अफसरों को दिए तुरंत कार्रवाई के आदेश

एमसीबी : जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं के प्रभावी समाधान का माध्यम है।

जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों में राजस्व, वनाधिकार, भूमि विवाद, राशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सौर ऊर्जा, मुआवजा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रकरण शामिल रहे। कोटाडोल निवासी छत्रपाल ने नक्शे में त्रुटि सुधार, सकड़ा निवासी भागवती ने वनाधिकार पट्टे में आश्रित सदस्यों के नाम जोड़ने, नेवरी निवासी रामप्रसाद ने वन भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने, गिद्धडांड निवासी सोनसाय ने राशन नहीं मिलने एवं राशन कार्ड निरस्त किए जाने, देवाडांड निवासी अजय कुमार साहू ने बकाया भुगतान दिलाने तथा सलका निवासी राजेंद्र प्रसाद ने आपसी विवाद के निराकरण की मांग रखी।

इसी प्रकार चिरमिरी निवासी मिली जैन ने भूमि संबंधी प्रकरण, डाइवर्सन भूमि विक्रय की अनुमति के लिए लंबे समय से लंबित फाइल के शीघ्र निराकरण तथा लंबित भुगतान की मांग की। बहरासी निवासी लाल बहादुर ने अवैध पट्टा निरस्त करने, मनेंद्रगढ़ निवासी नईम खान ने तहसील रिकॉर्ड रूम से दस्तावेजों की नकल उपलब्ध कराने तथा विपिन आर. नायर ने शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

नवापारा के धनराज, प्यारेलाल, परमेश्वर राम, रामसुंदर, मनमोहन सिंह, कुंवर सिंह एवं रविशंकर सहित अन्य ग्रामीणों ने शासकीय वन भूमि का पट्टा प्रदान करने की मांग रखी। वहीं बरबसपुर निवासी महेश कुमार साहू, नवापारा निवासी लक्ष्मण सिंह, दुधासी निवासी जगजीवन सिंह तथा भुमका निवासी रामनरेश यादव ने भूमि एवं पट्टा संबंधी मामलों के निराकरण की मांग की।

जनदर्शन में मनेंद्रगढ़ के नागरिकों ने अंग्रेजी शराब दुकान खोले जाने का विरोध करते हुए उसे रोकने की मांग की। नवापारा निवासी कृपाल सिंह ने वनाधिकार पत्रक बनाने, मकरजी निवासी उदित नारायण सिंह ने एकलव्य विद्यालय में प्रवेश दिलाने तथा कोटाडोल के ग्रामीणों ने डीएमएफ मद से डॉक्टर की नियुक्ति की मांग रखी। कोटाडोल निवासी रामलखन यादव ने कई महीनों से बंद पड़े सौर ऊर्जा प्लांट को पुनः चालू कराने की मांग की।

इसके अलावा पेंड्री निवासी सोमारू ने स्वामित्व भूमि से बेदखली रोकने, पसौरी निवासी गोले ने प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त दिलाने, नागपुर निवासी पार्वती ने मुआवजा राशि दिलाने, मनेंद्रगढ़ निवासी विकास रजक ने दहेज प्रताड़ना से संबंधित शिकायत तथा डंगौरा निवासी रामवती ने उचित मूल्य दुकान के संचालन संबंधी शिकायत प्रस्तुत की।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को तत्काल प्रेषित करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन शासन की जवाबदेही से जुड़ा विषय है और किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनसुनवाई में आए प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments