बिलासपुर में बारिश का इमरजेंसी अलर्ट, कलेक्टर ने रद्द कीं सभी बैठकें, अफसरों को तुरंत मैदान में उतरने का आदेश

बिलासपुर में बारिश का इमरजेंसी अलर्ट, कलेक्टर ने रद्द कीं सभी बैठकें, अफसरों को तुरंत मैदान में उतरने का आदेश

बिलासपुर : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखते हुए शुक्रवार की सभी निर्धारित बैठकें तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय छोड़कर फील्ड में सक्रिय रहने, स्थिति की सतत निगरानी करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के कई क्षेत्रों में तीन से चार फीट तक पानी भरने की सूचना प्राप्त हुई है। ऐसे स्थानों पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में जनहानि न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

नगर निगम, जनपद पंचायत तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर जलभराव, सड़क संपर्क और राहत व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लोक निर्माण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क, पुल-पुलिया, नदी-नालों की स्थिति का निरीक्षण कर जल प्रवाह का आकलन करने तथा जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में सभी अधिकारी आमजन के संपर्क में रहें, जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ भी निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों, तेज बहाव वाले नदी-नालों और क्षतिग्रस्त सड़कों की ओर न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments