रोते माता-पिता की पुकार बनी जनआंदोलन की शुरुआत: नशा और जुआ के खिलाफ नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने खोला मोर्चा

रोते माता-पिता की पुकार बनी जनआंदोलन की शुरुआत: नशा और जुआ के खिलाफ नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने खोला मोर्चा

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा :नगर पंचायत छुरा में बढ़ते नशे और जुए की प्रवृत्ति को लेकर अभिभावकों की पीड़ा अब जनप्रतिनिधियों तक पहुँच चुकी है। अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित माता-पिता की दर्दभरी शिकायतों ने नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद को गहराई से झकझोर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने नशा और जुआ के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने तथा पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष निषाद ने बताया कि नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में अभिभावक, माताएं और बुजुर्ग उनसे मिलकर अपने बच्चों के बिगड़ते भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं। कई माता-पिता ने भावुक होकर बताया कि उनके बच्चे पहले पढ़ाई में अच्छे थे, लेकिन अब नशे और जुए की लत के कारण स्कूल छोड़ चुके हैं, गलत संगति में पड़ गए हैं और परिवार में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इन शिकायतों को सुनकर उन्होंने इसे केवल कुछ परिवारों की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताया।उन्होंने कहा कि किसी भी नगर की असली पहचान उसके शिक्षित, संस्कारी और जागरूक युवा होते हैं। यदि युवा पीढ़ी नशे और जुए की गिरफ्त में आती गई तो इसका सीधा असर परिवार, समाज और आने वाले भविष्य पर पड़ेगा। इसलिए इस समस्या का समाधान केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नहीं, बल्कि सामाजिक भागीदारी से भी संभव है।श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए। साथ ही जुआ और सट्टा संचालित करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाकर युवाओं के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने समाज के सभी वर्गों से भी आगे आने की अपील करते हुए कहा कि केवल प्रशासन के भरोसे इस सामाजिक बुराई को समाप्त नहीं किया जा सकता। अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्वयं युवाओं को मिलकर नशा एवं जुआ विरोधी जनआंदोलन खड़ा करना होगा, तभी सकारात्मक परिवर्तन संभव होगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि छुरा के प्रत्येक परिवार के बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि समाज एकजुट होकर इस अभियान में सहभागी बनेगा तो आने वाली पीढ़ी को नशे और जुए जैसी बुराइयों से बचाया जा सकेगा।
उन्होंने अंत में नगरवासियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, "यदि हम एक भी बच्चे का भविष्य बचाने में सफल होते हैं तो यह पूरे समाज की सबसे बड़ी जीत होगी। आइए, हम सब मिलकर नशामुक्त और जुआमुक्त छुरा के निर्माण का संकल्प लें, ताकि हर घर में खुशहाली और हर चेहरे पर मुस्कान बनी रहे।"







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments