सकरी : कोपरा रामसर वेटलैंड में अवैध मछली शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। ग्रामीणों की शिकायत और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई ताबड़तोड़ छापेमारी में 22 अवैध जाल, एक रबर ट्यूब और अन्य उपकरण जब्त किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रामसर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग की टीम ने नेशनल हाईवे से लगे बहतराई, सौदा, खैराडीह और गोदाम क्षेत्र में अभियान चलाकर 16 गिलनेट (बड़े और छोटे), 6 भंवर जाल, एक रबर ट्यूब तथा बांस से बनी 5 गरियां बरामद कर जब्त कीं। विभाग के अनुसार इन उपकरणों का उपयोग जलाशय में अवैध रूप से मछली शिकार के लिए किया जा रहा था।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारी ललित श्रीवास और परिक्षेत्र रक्षक अजय मिश्रा ने ग्रामीणों को रामसर वेटलैंड, प्रवासी पक्षियों और जैव विविधता संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोपरा जलाशय पर्यावरण की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है, जिसकी सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान में कोपरा के सरपंच प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। वन विभाग ने बताया कि रामसर साइट घोषित होने के बाद कोपरा जलाशय में मछली पकड़ना, मछली पालन और कृषि कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि रामसर क्षेत्र में यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि प्रवासी पक्षियों, जलचर जीवों और जैव विविधता का प्रभावी संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Comments