रेलवे को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला कोरबा अब भी उपेक्षित, सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

रेलवे को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला कोरबा अब भी उपेक्षित, सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

कोरबा : भारतीय रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले प्रमुख स्टेशनों में शामिल कोरबा रेलवे स्टेशन की बदहाल स्थिति और वर्षों से अधूरे पड़े नवनीकरण कार्य को लेकर कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (GM) और बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा कि कोरबा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य वर्षों पहले शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण प्रतिदिन हजारों यात्रियों को धूल, अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया, लेकिन ऊर्जा नगरी और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कोरबा रेलवे स्टेशन अब भी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोरबा के यात्रियों के साथ यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है।

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन यहां पर्याप्त प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य बुनियादी यात्री सुविधाओं का अभाव है। वर्षों तक निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देना यात्रियों की सुविधा के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने रेल मंत्री से मांग की कि कोरबा रेलवे स्टेशन के नवनीकरण कार्य की उच्चस्तरीय समीक्षा कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसके लिए स्पष्ट समय-सीमा तय कर जल्द से जल्द परियोजना पूरी कराई जाए।

सांसद ने कहा कि यदि रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले कोरबा की लगातार अनदेखी होती रही तो यह यहां की जनता के साथ अन्याय होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इस गंभीर विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए कोरबा रेलवे स्टेशन के विकास कार्य को प्राथमिकता देगा।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments