रायगढ़ : तमनार ब्लॉक के नागरामूड़ा गांव में मंगलवार को पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि जिंदल प्रबंधन की ओर से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पेड़ों की कटाई की कार्रवाई की गई। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ों की कटाई से पहले उनकी सहमति नहीं ली गई और न ही स्थानीय स्तर पर उचित प्रक्रिया का पालन किया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से पर्यावरण प्रभावित होने के साथ-साथ गांव के निस्तार और स्थानीय लोगों की जरूरतों पर भी असर पड़ सकता है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
वहीं, प्रशासन की ओर से बताया गया कि संबंधित कार्रवाई नियमानुसार और शासकीय परियोजना के तहत की जा रही है। विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और मौके पर मौजूद अधिकारियों के बीच तीखी बहस की स्थिति भी बनी। ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई पर आपत्ति जताते हुए इसे पर्यावरण और स्थानीय हितों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
गौरतलब है कि तमनार क्षेत्र पहले से ही औद्योगिक और खनन गतिविधियों के चलते संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है, जबकि ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई और संबंधित प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।

Comments