परमेश्वर राजपूत,गरियाबंद : बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव ने शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला, भाटीगढ़ में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर साहित्य, भाषा और संस्कृति की अनुपम गरिमा का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रबुद्ध कवियों ने अपनी ओजस्वी, प्रेरणादायी एवं भावपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों से उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कवि सम्मेलन के दौरान देशभक्ति, सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों, शिक्षा और संस्कृति पर आधारित कविताओं ने श्रोताओं के मन में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार किया। विशेष रूप से विद्यार्थियों में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि, राष्ट्रप्रेम एवं मानवीय मूल्यों को विकसित करने का संदेश इस आयोजन के माध्यम से प्रभावी रूप से दिया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस अवसर पर विधायक जनक ध्रुव ने विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है तथा कलम की शक्ति और शिक्षा का प्रकाश आने वाली पीढ़ी को सशक्त, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, साहित्य से जुड़ने तथा अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया।विधायक ध्रुव ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है। कवियों की रचनाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने और युवाओं में नैतिक चेतना जागृत करने का प्रभावी साधन भी हैं।
ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, भाषा के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम के अंत में विधायक जनक ध्रुव ने विद्यालय परिवार, सम्मानित कविगण एवं आयोजन समिति को सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के साहित्यिक एवं शैक्षणिक आयोजन क्षेत्र के विद्यार्थियों के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Comments