एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, परीक्षा की निष्पक्ष जांच और छात्रों पर कार्रवाई रोकने की उठाई मांग
गरियाबंद/छुरा : नीट परीक्षा को लेकर देशभर में उठे विवाद तथा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरा के नेतृत्व में बस स्टैंड परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा आंदोलनरत छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की।धरना सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष माहेश्वरी शाह ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को अनिश्चितता के दौर में पहुंचा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने नीट मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजू ध्रुव ने कहा कि देश का युवा न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन उसकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री हरीश यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों से देश के करोड़ों युवाओं और उनके अभिभावकों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तक आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष सलीम मेमन ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, न कि पुलिस बल के माध्यम से उनकी आवाज दबाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और छात्रों पर कथित पुलिसिया कार्रवाई तत्काल बंद करने की मांग दोहराई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा नीट परीक्षा में पारदर्शिता बहाल करने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी महामंत्री हरीश यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष सलीम मेमन ने किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश प्रतिनिधि पीसीसी यशपेंद्र शाह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अब्दुल समद खान, शैलेन्द्र दीक्षित, राजकुमारी सोनी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अब्दुल शमीम खान, भानुप्रताप भारद्वाज, अवध मरकाम, नीलकंठ ठाकुर, केवल साहू, बिगेंद्र ठाकुर, पंचराम टंडन, रामजी दीवान, देवसिंग नेताम, शांतनु देवांगन, सुखबती टांडे, पुष्पा ध्रुव, खिलेश्वरी ध्रुव, इंदु देवांगन, पार्षद दीप्ति यादव, नियाज अहमद, थानुराम तारक, प्रताप सिंह ठाकुर, आकाश दीक्षित, मोनू दीक्षित, अखिल चौबे, अफजल खान, टिकेश्वर सिन्हा, पुखराज नायक, रामाधार साहू, आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष भाव सिंह मरकाम, धनसाय ध्रुव, गणेश सोमवंशी, चम्पेश्वर निषाद, यशवंत सेन, गुलाब यादव, बंशी ठाकुर, प्रदीप यादव, ओमप्रकाश साहू, देवलाल साहू, तोषण सिन्हा, राजू यादव सहित ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments