राजस्व विभाग की उदासीनता से 23 लाख की सीसी सड़क अधर में, आधे-अधूरे निर्माण से वार्डवासी परेशान

राजस्व विभाग की उदासीनता से 23 लाख की सीसी सड़क अधर में, आधे-अधूरे निर्माण से वार्डवासी परेशान

महीनों से रास्ते की नापजोख का इंतजार, पानी भरे मार्ग से स्कूली बच्चों व ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

 

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/ छुरा :  विकासखंड छुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत भरूवामुड़ा के आश्रित ग्राम हीराबतर के वार्ड क्रमांक 8 में मंडी बोर्ड से स्वीकृत लगभग 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का निर्माण कार्य महीनों से अधर में लटका हुआ है। सड़क का लगभग आधा हिस्सा बन चुका है, जबकि शेष निर्माण राजस्व विभाग द्वारा रास्ते की चौड़ाई की नाप नहीं होने के कारण रुका हुआ है। इससे वार्डवासियों में भारी नाराजगी है और उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य कर रहे संबंधित ठेकेदार ने बताया कि शेष सड़क निर्माण से पहले संबंधित गली की वास्तविक चौड़ाई का राजस्व अभिलेखों के अनुसार मापन आवश्यक है। वर्तमान में गली के दोनों ओर कुछ किसानों द्वारा तारबंदी कर दी गई है, जिससे मार्ग संकरा दिखाई देता है। ठेकेदार का कहना है कि राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन एवं माप के बाद यदि रास्ते की चौड़ाई कम पाई जाती है तो सामने के किसान भी सार्वजनिक हित में आवश्यक भूमि देने के लिए तैयार हैं। इसके बावजूद राजस्व विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

इस समस्या को लेकर वार्डवासियों ने ग्राम पंचायत भरूवामुड़ा के सरपंच एवं सचिव को आवेदन देकर शीघ्र समाधान की मांग की थी। इसके बाद ग्राम पंचायत ने भी तहसीलदार छुरा को लिखित आवेदन देकर संबंधित हल्का पटवारी को भेजकर राजस्व अभिलेखों के अनुसार गली की चौड़ाई का मापन कराने का अनुरोध किया, ताकि सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो सके।
ग्रामीणों का आरोप है कि आवेदन दिए  महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न तो पटवारी द्वारा मौके पर पहुंचकर माप-जोख की गई और न ही राजस्व विभाग के किसी अधिकारी ने मामले में रुचि दिखाई। परिणामस्वरूप लाखों रुपये की लागत से बनने वाला महत्वपूर्ण सीसी रोड अधूरा पड़ा हुआ है।

आधे-अधूरे निर्माण के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होने लगा है, जिससे कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें इसी मार्ग से रोजाना आना-जाना पड़ता है। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रास्ते का सीमांकन एवं माप-जोख कराया जाए, ताकि रुका हुआ सीसी सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके और वार्डवासियों को लंबे समय से झेलनी पड़ रही समस्याओं से राहत मिल सके।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments