रायगढ़/धरमजयगढ़ : दुर्गापुर-शाहपुर क्षेत्र में SECL की ओर से कराए जा रहे ड्रोन सर्वे को लेकर ग्रामीणों और प्रभावित किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि उनकी सहमति और स्पष्ट जानकारी के बिना जमीनों का सर्वे कराया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में जमीन, मकान, मुआवजा और विस्थापन को लेकर कई तरह की चिंताएं पैदा हो रही हैं।
इसी मुद्दे को लेकर प्रभावित किसानों ने अब आंदोलन को बड़े स्तर पर ले जाने का फैसला किया है। रविवार को दुर्गापुर स्थित कीर्तन ग्राउंड में महापंचायत और महा मोर्चे का आयोजन किया जाएगा। इसमें दुर्गापुर, शाहपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल होने की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी विस्थापन, पुनर्वास और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में ड्रोन के जरिए जमीनों का सर्वे शुरू होने के बाद किसानों की चिंता और बढ़ गई है। उन्हें आशंका है कि सर्वे के बाद जमीन अधिग्रहण और विस्थापन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रशासन और SECL प्रबंधन उनकी मांगों को लेकर लिखित रूप से भरोसा नहीं दिलाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को होने वाली महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा के साथ ही आंदोलन की आगामी रणनीति भी तय की जाएगी।
इस महापंचायत को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की भी नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि किसानों के विरोध के बीच प्रशासन और SECL प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

Comments