सांसद कमलेश जांगड़े की मांग पर रेल मंत्रालय का बड़ा फैसला, चांपा से अब सप्ताह में दो दिन चलेगी शालीमार एक्सप्रेस

Spread the love

चांपा :  जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सांसद कमलेश जांगड़े के प्रयासों से चांपा रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली उदयपुर सिटी-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के परिचालन में विस्तार को मंजूरी मिल गई है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी।

सांसद कमलेश जांगड़े ने क्षेत्र की जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष इस ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग रखी थी। सांसद के प्रयासों पर रेल मंत्रालय ने तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए परिचालन को दो दिन किए जाने की स्वीकृति प्रदान की है।

ये भी पढ़े :रायपुर AIIMS के न्योते से सांसद-विधायक गायब! बृजमोहन अग्रवाल समेत कई BJP नेताओं की अनदेखी पर मचा बवाल

रेल मंत्री ने पत्र भेजकर दी जानकारी

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद कमलेश जांगड़े को पत्र भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी। पत्र में रेल मंत्री ने कहा कि जनसुविधा और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय रेल यात्री मांग एवं परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप समय-समय पर रेल सेवाओं का विस्तार करती है।

पत्र के अनुसार, गाड़ी संख्या 20971/20972 उदयपुर सिटी-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस, वाया चांपा, के परिचालन को सप्ताह में एक दिवस से बढ़ाकर दो दिवस किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

इस ट्रेन के फेरे बढ़ने से जांजगीर-चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। खासकर उदयपुर, शालीमार और मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों तक आवागमन करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन के परिचालन में विस्तार की स्वीकृति मिलने पर सांसद कमलेश जांगड़े सहित संसदीय क्षेत्र के नागरिकों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चांपा जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन से लंबी दूरी की ट्रेनों के फेरे बढ़ने से यात्री सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *