बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर पंचमी तिथि के शुभ अवसर पर बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री दीपेश साहू ने संडी स्थित सुप्रसिद्ध मां सिद्धि माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम बैजलपुर स्थित मां चंडी माता मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति, भक्ति, आस्था और साधना का पावन पर्व है। मां दुर्गा की आराधना हमें सत्य, धर्म, सेवा, त्याग और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। मां जगदंबा की कृपा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और प्रत्येक व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति मिलती है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान, समाज में सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है। मां दुर्गा के नौ स्वरूप हमें जीवन में साहस, संयम, करुणा और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। यह पर्व केवल पूजा-अर्चना का ही नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का भी अवसर है।
ये भी पढ़े :बेमेतरा में म्यूल बैंक खाते का मामला, साइबर ठगी के आरोप में दो गिरफ्तार
विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि मां जगदंबा की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर बनी रहे। प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए तथा हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने नवरात्रि के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से सबके जीवन में सुख, शांति और आरोग्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि मां दुर्गा के आशीर्वाद और जनता के स्नेह से जनसेवा के संकल्प को निरंतर मजबूती मिलती है। क्षेत्र की जनता की खुशहाली, विकास और कल्याण के लिए वे सदैव समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।
इस दौरान मण्डल अध्यक्ष एवं संडी सरपंच सेवा राम साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष छोटू राम साहू रोहित साहू रामकुमार साहू मंदिर समीति के समस्त सदस्य क्षेत्रवासी जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे ll
उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से सभी के जीवन को सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण करने की कामना की।




