कांकेर में ओवरटेक को लेकर बवाल! कांग्रेस विधायक के बेटे पर बस ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप, VIDEO वायरल

Spread the love

कांकेर: कांकेर में शनिवार देर रात ओवरटेक को लेकर बस चालक और कार सवार युवकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के बाद कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी के बेटे और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन मंडावी पर बस ड्राइवर और कंडक्टर से मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

हालांकि, इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में पुलिस की ओर से फिलहाल किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

विवाद का VIDEO आया सामने

सामने आए वीडियो में सड़क पर दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद होता दिखाई दे रहा है। वीडियो में बस चालक एक युवक की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाता नजर आ रहा है कि युवक शराब के नशे में वाहन चला रहा था और उसने पहले उसके साथ मारपीट की।

वीडियो में मौके पर पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं और दोनों पक्षों को थाने आकर अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए कहते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस अमन मंडावी को थाने लेकर पहुंची

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अमन मंडावी को थाने लेकर गई, जहां दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। इसके बाद सुबह उन्हें छोड़ दिया गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को विवाद समाप्त करने और यदि कोई शिकायत है तो थाने में दर्ज कराने के लिए कहा।

बस चालक ने सुनाई अपनी बात

घटना को लेकर बस चालक नीलम सिन्हा ने बताया कि शनिवार देर रात वह बस लेकर मस्जिद चौक की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने को लेकर कार सवार युवकों ने बस को रोक लिया।

नीलम सिन्हा के मुताबिक इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि, मामले के दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस में फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

दोनों पक्षों ने नहीं दी शिकायत

कांकेर कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया था।

थाना प्रभारी के मुताबिक अब तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *